पूर्णिया में हैवानियत: युवती को अगवा कर 6 दरिंदों ने किया गैंगरेप, शराब पिलाकर रात भर दरिंदगी की

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के पूर्णिया जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब राह चलती बेटियां भी सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला जिले के डगरूआ थाना क्षेत्र का है, जहाँ एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की रूह कंपा देने वाली घटना को अंजाम दिया गया है। फिलहाल पीड़िता की स्थिति नाजुक बनी हुई है और वह पूर्णिया जीएमसीएच (GMCH) में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।

रास्ते से अगवा कर बनाया बंधक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता नेवललाल चौक से पैदल अपने घर की ओर जा रही थी। इसी बीच एक चार पहिया वाहन पर सवार छह युवकों ने उसका रास्ता रोका। युवती ने जब विरोध किया तो आरोपियों ने जबरन उसे गाड़ी में खींच लिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। दरिंदे उसे बरियार चौक स्थित ‘जया ट्रेडर्स’ के एक सुनसान कमरे में ले गए, जहाँ उसे बंधक बना लिया गया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

शराब पिलाकर पूरी रात दरिंदगी
हैवानियत की हदें तब पार हो गईं जब आरोपियों ने युवती को जबरदस्ती शराब पिलाई। नशे की हालत में तड़पती युवती के साथ सभी छह आरोपियों ने बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया। इस जघन्य वारदात के बाद पांच आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि जया ट्रेडर्स का संचालक मोहम्मद जुनैद वहीं रुक गया।

पीड़िता की सूझबूझ और बहादुरी
खून से लथपथ और बदहवास स्थिति में होने के बावजूद पीड़िता ने गजब की हिम्मत दिखाई। जब मुख्य आरोपी मोहम्मद जुनैद नशे की हालत में सो गया, तब पीड़िता ने चुपके से उसी का मोबाइल उठाया और डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को अपनी लोकेशन और आपबीती बताई। सूचना मिलते ही डगरूआ पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुँचकर कमरे का ताला तोड़कर युवती को रेस्क्यू किया। पुलिस ने मौके से ही आरोपी मोहम्मद जुनैद को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस की कार्रवाई
डगरूआ थाना की एसआई पूर्णिमा कुमारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि फरार पांच अन्य दरिंदों की पहचान कर ली गई है। पुलिस की विशेष टीमें छापेमारी कर रही हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।

Share This Article