सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के बेगूसराय जिले से एक बार फिर रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जिसने सामाजिक ताने-बाने और महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दूसरे समुदाय के चार युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। हालांकि, समय रहते ग्रामीणों के पहुँचने से एक बड़ी अनहोनी टल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बहियार में घास काटने गई थी पीड़िता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 17 फरवरी की दोपहर की है। पीड़िता अपने घर के पास स्थित बहियार (खेतों) में घास काटने गई थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे चार युवकों ने उसे दबोच लिया और जबरन गेहूं के खेत में खींच ले गए। पीड़िता ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसका मुंह बंद कर दिया और हसुआ (कचिया) दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश की।
जब किशोरी ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया, तो आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुँचे। भीड़ को आता देख आरोपी पीड़िता को छोड़कर मौके से फरार हो गए। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने घटना के दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर गाली-गलौज भी की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई: चारों आरोपी गिरफ्तार
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वीरपुर थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नामजद चारों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद जमानत, मोहम्मद आफताब, मोहम्मद मिस्टर (तीनों मैदा बभनगामा निवासी) और मोहम्मद इम्तियाज (बलिया निवासी) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
इलाके में सांप्रदायिक तनाव और आक्रोश
इस घटना ने बेगूसराय में राजनीतिक और सामाजिक पारा गर्मा दिया है। स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। चर्चा है कि वीरपुर और आसपास के इलाकों में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार हिंदू लड़कियों को निशाना बनाने की खबरें सामने आती रही हैं। बेगूसराय के सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह भी पूर्व में ऐसे मामलों को लेकर मुखर रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि अपराधियों के बुलंद हौसलों के कारण बहुसंख्यक समाज के मन में असुरक्षा की भावना घर कर रही है। फिलहाल, पुलिस प्रशासन इलाके में शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है और मामले की गहनता से जांच जारी है।