सिटी पोस्ट लाइव
नवगछिया पुलिस जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पत्नी के अवैध संबंध का विरोध करने पर एक पति को अपने प्रेमी द्वारा चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। यह घटना नवगछिया थाना क्षेत्र के विशु बाबा स्थान के पास हुई, जब राजा झा नामक व्यक्ति ई-रिक्शा से अपने घर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, राजा झा पर उनके ही पत्नी के प्रेमी ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में राजा झा गंभीर रूप से घायल हो गए। ई-रिक्शा चालक और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद, उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया पुलिस सक्रिय हो गई। नवगछिया एसपी प्रेरणा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुँची और ग्रामीणों के सहयोग से घायल को अस्पताल पहुँचाया।
इस मामले में घायल राजा झा के भाई सुजीत कुमार झा के लिखित आवेदन के आधार पर नवगछिया थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर कांड में संलिप्त मुख्य अभियुक्त केशव सिंह उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिसिया पूछताछ में आरोपी केशव सिंह ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि उसका घायल राजा झा की पत्नी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। राजा झा को जब इस संबंध के बारे में पता चला तो वह लगातार इसका विरोध कर रहे थे। इसी बात से आक्रोशित होकर केशव सिंह ने राजा झा पर चाकू से हमला कर दिया। यह घटना समाज में बढ़ते अवैध संबंधों और उसके भयावह परिणामों को दर्शाती है। पुलिस इस मामले की गहनता से जाँच कर रही है।