सिटी पोस्ट लाइव
वाल्मीकिनगर से बगहा लौट रहे एक परिवार के लिए सोमवार की सुबह काल बनकर आई। हरदिया चाती के समीप बगहा-वाल्मीकिनगर मुख्य मार्ग पर उनकी अल्टो कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जिससे कार में सवार एक ही परिवार के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में नौशाद अंसारी, मेहरू नेशा, शाहजहां खातून, शबरून नेशा, नसीबा खातून और दो वर्षीय रेहान अंसारी शामिल हैं। इनमें नौशाद अंसारी और उनका पुत्र रेहान की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल (GMCH) रेफर किया गया है। नौशाद की पत्नी सबनुम नेशा का इलाज फिलहाल बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य घायलों की स्थिति स्थिर है।
परिवार बगहा के कैलाश नगर का निवासी है। वे शनिवार को वाल्मीकिनगर घूमने गए थे और रात में वहीं ठहरे थे। सोमवार की सुबह घर लौटते समय यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार के कारण कार चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सीधे सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। डॉ. एस.पी. अग्रवाल ने जानकारी दी कि घायलों में से दो की हालत चिंताजनक है, जबकि अन्य को खतरे से बाहर बताया गया है।