MLC बंशीधर ब्रजवासी की हत्या की साजिश? सोशल मीडिया पोस्ट के बाद बिहार की राजनीति में सनसनी…

Ritu Raj

बिहार की राजनीति में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब विधानपार्षद (MLC) बंशीधर ब्रजवासी ने अपनी हत्या की साजिश रचे जाने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि उन्हें मारने की नीयत से जिस गाड़ी को रौंदने की कोशिश की गई, उसमें वे मौजूद ही नहीं थे, जिससे उनकी जान बच गई। बंशीधर ब्रजवासी ने यह सनसनीखेज जानकारी खुद अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट कर साझा की, जिसके बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

बंशीधर ब्रजवासी का दावा है कि एक बेकाबू ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मारी, लेकिन संयोग से वे उस वाहन में मौजूद नहीं थे, जिससे वे बाल-बाल बच गए। इस घटना के बाद उन्होंने शनिवार देर रात अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट साझा कर पूरे मामले को संदिग्ध बताया और इसे सोची-समझी साजिश करार दिया। उनके इस आरोप के सामने आने के बाद मामले को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं। दरअसल, उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा है कि ‘दीघा पहलेजा चेक पोस्ट के पास ट्रक से मेरी गाड़ी में टक्कर मारी गई है। प्रतीत होता है कि हत्या करने के इरादे से इस घटना को अंजाम दिया गया है। गनीमत थी पत्नी के इलाज हेतु मैं दिल्ली जाने के लिए ट्रेन में हूं। पटना जंक्शन पर गाड़ी पकड़ाकर मेरे अंगरक्षक और चालक मुजफ्फरपुर लौट रहे थे। SP सारण को सूचना दे दी गई है। चिंतनीय है कि जब दीघा पुल पर ट्रक चालन प्रतिबंधित है तो फिर ट्रक कैसे चल रहा है? टक्कर कितनी जबरदस्त थी इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि एयर बैग खुल गया जिससे सवार की जान बची है।’

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

गौरतलब है कि बंशीधर ब्रजवासी के आरोपों को पुलिस ने भी गंभीरता से लिया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि मामला महज एक सड़क दुर्घटना है या फिर इसके पीछे कोई साजिश रची गई थी। इस संबंध में पहलेजा थाने की प्रभारी अनुराधा कुमारी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। हालांकि, बंशीधर ब्रजवासी ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में किसी पर सीधे तौर पर शक जाहिर नहीं किया है। उल्लेखनीय है कि बंशीधर ब्रजवासी निर्दलीय विधायक रह चुके हैं और उन्होंने तिरहुत स्नातक सीट से विधान परिषद का चुनाव जीतकर एमएलसी बने थे। वे पिछले करीब डेढ़ साल से विधान परिषद के सदस्य हैं।

Share This Article