जक्कनपुर गोलीकांड: 48 घंटे में सुलझा हत्या का मामला

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
पटना :
राजधानी पटना में हाल के दिनों में हुई दो बड़ी घटनाओं पर पटना के सीनियर एसपी राजीव मिश्रा ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महत्वपूर्ण जानकारी दी।

2 मई 2025 को जक्कनपुर थाना क्षेत्र के सिपारा पुल के पास फूड हॉस्पिटल में कार्यरत अमित कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर इस हत्याकांड का खुलासा कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। सीनियर एसपी ने बताया कि मुख्य साजिशकर्ता कुंदन कुमार सारण जिले का निवासी है, जबकि हत्या में शामिल दो शूटर — शेख सहाबुद्दीन और मणिकांत कुमार — वैशाली जिले से गिरफ्तार किए गए हैं।

हत्या में प्रयुक्त हथियार और मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि कुंदन कुमार, मृतक अमित की शादी से नाराज़ था, और इसी कारण उसने हत्या की साजिश रची।

वीआईपी नेता आनंद मधुकर पर शिकंजा कसने की तैयारी : सीनियर एसपी ने दूसरी बड़ी कार्रवाई में 15 अप्रैल को गांधी मैदान थाना क्षेत्र के लालीटोला में दिनदहाड़े गोली चलवाने के मामले में वीआईपी पार्टी के नेता आनंद मधुकर को मुख्य आरोपी बताया।

पुलिस के अनुसार, यह गोलीबारी जमीन विवाद के चलते कराई गई थी, जिसमें आनंद मधुकर ने अपने लोगों के साथ मिलकर मारपीट और फायरिंग करवाई। घटना के बाद से आरोपी आनंद मधुकर फरार चल रहा है।

सीनियर एसपी ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द गिरफ्तारी नहीं होती, तो आनंद मधुकर के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं, और अपराधियों को हर हाल में पकड़ा जाएगा।

Share This Article