जमीन के नाम पर 20 लाख का ‘खेल’: जदयू के पूर्व जिला प्रवक्ता कुमारेश्वर सहाय गिरफ्तार…

Ritu Raj

वैशाली जिले के भगवानपुर थाने की पुलिस ने मुजफ्फरपुर से जदयू के पूर्व जिला प्रवक्ता कुमारेश्वर सहाय को धोखाधड़ी के एक गंभीर मामले में गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उन्होंने किसी अन्य व्यक्ति की जमीन को अपनी बताकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और उसे बेच दिया, जिससे पीड़ित को लगभग 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ।

सूत्रों के अनुसार, पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुमारेश्वर सहाय ने 19.95 लाख रुपये लेकर जमीन का सौदा किया, लेकिन वह जमीन उनकी नहीं थी। इस मामले में भगवानपुर थाने में धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोपी के खिलाफ हाजीपुर की एसीजेएम-छह अदालत से नॉन-बेलेबल वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। गुप्त सूचना मिलने पर वैशाली पुलिस ने मुजफ्फरपुर नगर थाना के साथ मिलकर ऑपरेशन चलाया। आरोपी मुजफ्फरपुर के तिलक मैदान रोड इलाके में छिपे हुए थे, जहां घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान जरूरी दस्तावेज और वारंट की कॉपी थाने में जमा की गई, उसके बाद आरोपी को वैशाली ले जाया गया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

मुजफ्फरपुर नगर थाने के अपर थानेदार रविकांत दूबे ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि पता चल सके कि इस ठगी में कोई और लोग शामिल तो नहीं हैं। फिलहाल कुमारेश्वर सहाय को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। गौरतलब है कि यह घटना बिहार में जमीन से जुड़ी ठगी के मामलों और राजनीतिक व्यक्तियों के कथित भूमिका पर एक बार फिर चर्चा छेड़ रही है।

Share This Article