शराबबंदी की उड़ाई धज्जियां! सीवान में पुलिस ने पकड़ा 25 लाख की विदेशी शराब से भरा ट्रक

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
सिवान :
सीवान से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहाँ पुलिस ने अवैध रूप से लाई जा रही 25 लाख रुपये की विदेशी शराब से भरे एक ट्रक को बिहार-यूपी बॉर्डर के पास जतौर गांव के समीप पकड़ा है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस तस्करी का भंडाफोड़ किया है।

इस ट्रक में चालाकी से एक तहखाना बनाया गया था, जिसमें 245 कार्टन विदेशी शराब छिपाई गई थी। तस्वीरों में भी साफ देखा जा सकता है कि ट्रक में तहखाने को किस तरह से डिजाइन किया गया था ताकि शराब की खेप को आसानी से छुपाया जा सके।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पुलिस ने ट्रक के साथ चालक सत्येंद्र यादव को भी गिरफ्तार कर लिया है, जो उत्तर प्रदेश के बनकटा थाना अंतर्गत रघुनाथपुर गांव का रहने वाला है। पूछताछ में सत्येंद्र ने खुलासा किया कि वह एक तस्करी गिरोह का हिस्सा है और यह शराब मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही थी।

मैरवा एसडीपीओ चंदन कुमार ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई सीवान एसपी के निर्देश पर की गई। पुलिस की विशेष टीम ने ट्रक को चारों ओर से घेरकर पकड़ा और भारी मात्रा में शराब बरामद की।

फिलहाल, पुलिस यह जांच कर रही है कि यह ट्रक किसके नाम पर है और इस पूरे तस्करी रैकेट में कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस मामले में बड़े शराब तस्करों की तलाश जारी है और जांच में कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

Share This Article