सहरसा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹50 हजार का इनामी अपराधी प्रिंस कुमार गिरफ्तार

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
सहरसा, बिहार:

सहरसा पुलिस, बिहार एसटीएफ पटना और पस्तपार व पतरघट थाना की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी सफलता मिली है। मधेपुरा जिले के ₹50,000 के इनामी अपराधकर्मी प्रिंस कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रिंस कुमार पर कई गंभीर मामले दर्ज हैं और वह 12 फरवरी 2025 को पुलिस पर हुए हमले में शामिल था।

12 फरवरी को पतरघट थाना पुलिस ने विनो सादा के घर के पास गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की थी। इस दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर हथियार से फायरिंग कर दी और दो आरोपियों को पुलिस हिरासत से छुड़ा ले गए। इस दुस्साहसिक हमले ने पुलिस महकमे को हिला कर रख दिया था।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने मानव खुफिया सूचना और तकनीकी अनुसंधान की मदद से प्रिंस कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार प्रिंस कुमार, पस्तपार थाना क्षेत्र के ठाढ़ी गांव का निवासी है। उसके खिलाफ सहरसा और मधेपुरा जिलों के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मधेपुरा पुलिस ने उस पर ₹50,000 का इनाम घोषित किया था।

इस गिरफ्तारी को पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है और इससे आने वाले समय में क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण की उम्मीद बढ़ी है।

Share This Article