ऑपरेशन ‘नार्कोस’ के तहत बड़ी सफलता: हाजीपुर जंक्शन से 8 किलोग्राम अफीम बरामद, दो तस्कर पकड़े गए

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
हाजीपुर/पटना : मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन नार्कोस” के अंतर्गत नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB), पटना को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीती रात हाजीपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 03 पर एक पुरुष को गिरफ्तार और एक महिला को हिरासत में लेते हुए 8 किलोग्राम अफीम जब्त की गई, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 48 लाख रुपये आंकी गई है।

NCB पटना इकाई को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 15211 के सामान्य कोच में कुछ संदिग्ध यात्री मादक पदार्थ लेकर यात्रा कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर निरीक्षक साकेत कुमार के नेतृत्व में, उप निरीक्षक राकेश कुमार, सहायक उप निरीक्षक चंद्रशेखर कुमार, एवं महिला आरक्षी कुमारी सोनिया की टीम ने RPF हाजीपुर और NCB के इंटेलिजेंस अफसर राकेश कुमार के साथ संयुक्त कार्रवाई की।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

गाड़ी के हाजीपुर आगमन के समय रात 11:55 बजे, प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर एक पुरुष और एक महिला को मुखबिर की निशानदेही पर रोका गया और पूछताछ के बाद उनके पास मौजूद एक काले रंग के बैग और सफेद प्लास्टिक के झोले की तलाशी ली गई। जांच में दोनों बैगों में ब्राउन टेप से लिपटे चार-चार पैकेट बरामद हुए, जिनमें प्रत्येक में 1-1 किलोग्राम अफीम मौजूद था।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान राकेश शाह (40 वर्ष), निवासी घासी पाकड़, थाना चकिया, जिला पूर्वी चंपारण, तथा महिला की पहचान निर्मला देवी (45 वर्ष), निवासी बैसाहा, थाना चकिया, पूर्वी चंपारण के रूप में हुई है।

पूरी कार्रवाई के पश्चात दोनों को RPF थाना, हाजीपुर लाया गया, जहां NCB और RPF की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ की औपचारिक जब्ती की। आरोपियों के विरुद्ध NDPS अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

यह कार्रवाई मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर NCB की सतर्क नजर और उसके मजबूत नेटवर्क का प्रमाण है। एजेंसी द्वारा बताया गया कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Share This Article