ऋतिक हत्याकांड पर भड़के सांसद राजेश वर्मा, SDPO पर लगाया आरोपियों को बचाने का आरोप

Deepak Sharma

खगड़िया में बढ़ा राजनीतिक तनाव, सांसद ने दी आंदोलन की चेतावनी

सिटी पोस्ट लाइव
खगड़िया के लोजपा (रामविलास) सांसद राजेश वर्मा दो दिवसीय दौरे पर सिमरी बख्तियारपुर पहुंचे, जहां उन्होंने 8 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए ड्राइवर ऋतिक मोदी के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और न्याय का भरोसा दिलाया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

ऋतिक की मां सुमन देवी ने अपने बेटे की मौत को साजिशन हत्या बताते हुए पुलिस विभाग में कार्यरत कर्मी आलमगीर तूफानी और उसके परिजनों पर जहरीला खाना खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के 17 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों में आक्रोश है।

सांसद वर्मा ने मामले की धीमी जांच प्रक्रिया और पुलिस की निष्क्रियता पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सरेआम SDPO मुकेश कुमार ठाकुर की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि “मुख्य आरोपी एक पुलिसकर्मी है, इसी कारण SDPO उसे और उसके परिवार को बचाने में लगे हैं।”

उन्होंने स्थानीय प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द से जल्द निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। यह मामला अब सियासी तूल पकड़ने लगा है और प्रशासन की भूमिका पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Share This Article