जमुई में छह साल से फरार नक्सली सुमा राणा गिरफ्तार, दोहरे हत्याकांड में थी पुलिस को तलाश

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

जमुई। जमुई जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, पिछले छह वर्षों से फरार नक्सली सुमा राणा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि 2019 में इस नक्सली ने चिहरा थाना क्षेत्र के गरुड़ाबाद इलाके में गुलाब अंसारी और उस्मान अंसारी की हत्या कर दी थी।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि नवंबर 2019 में चकाई के गरुड़ाबाद क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड को लेकर एक मामला दर्ज किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि अभियुक्त सुमा राणा अपने घर के पास देखा गया है। इसके बाद जमुई एसपी मदन आनंद के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई।

कल रात पुलिस दल ने आरोपी को उसके गांव हसीकोल से गिरफ्तार कर लिया। इस पर हत्याकांड के अलावा नक्सली पर्चे चिपकाकर दहशत फैलाने का भी आरोप है। छह साल से फरार इस नक्सली की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। हालांकि, इस मामले के अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। इस ऑपरेशन में झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार के साथ लाल बहादुर सिंह, मंजीत कुमार और एसटीएफ के जवान शामिल थे।

Share This Article