सिटी पोस्ट लाइव
पटना के एग्जीबिशन रोड इलाके में शनिवार देर रात डायल 112 की पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। पुलिस की यह टीम आपसी विवाद की सूचना पर मौके पर पहुंची थी, लेकिन विवाद सुलझाने की कोशिश के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस टीम जैसे ही घटनास्थल पर पहुंची, वहां मौजूद लोगों ने अचानक उग्र रूप धारण कर लिया और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। कुछ पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें भी आई हैं।
घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही, सीसीटीवी फुटेज की जांच भी की जा रही है ताकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पटना पुलिस ने इस हमले को गंभीरता से लिया है और जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। फिलहाल इलाके में तनाव की स्थिति नहीं है, लेकिन पुलिस बल को एहतियातन तैनात कर दिया गया है।