रामजी राम हत्या मामला: पत्नी ने 5 के खिलाफ दर्ज कराई FIR, 3 गिरफ्तार

दो फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही पुलिस

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

डुमरांव। पुराना भोजपुर में हुए रामजी राम हत्या कांड में उनकी पत्नी शोभा देवी ने एक ही परिवार के पांच लोगों को आरोपी बनाते हुए नया भोजपुर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि बाकी दो फरार हैं, जिनकी तलाश में छापेमारी जारी है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

घटना बुधवार देर शाम की है, जब पुराना भोजपुर दलित बस्ती निवासी रामजी राम जलावन के लिए धुआं सुलगा रहे थे। इस पर पड़ोसियों ने आपत्ति जताई और इसी को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इस झगड़े के दौरान पड़ोसियों ने उन्हें बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला।

संभावित ठिकानों पर पुलिस कर रही तलाश

मृतक की पत्नी ने इस मामले में झलकू राम, उसके पिता लालमुनी राम, मां प्रमिला देवी, चाचा साधु राम और चाची धर्मशीला देवी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने झलकू, प्रमिला और लालमुनी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि साधु राम और धर्मशीला देवी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।

शोभा देवी द्वारा दी गई शिकायत में बताया गया है कि आरोपित पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ डकैती का मामला दर्ज है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि घटना से तीन दिन पहले झलकू राम ने उनके पति को जान से मारने की धमकी दी थी।

गांव में बढ़ा तनाव, पुलिस अलर्ट

घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, लेकिन पुलिस सतर्कता बरत रही है और स्थिति नियंत्रण में है। नया भोजपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और जल्द ही बाकी दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बेटे के बाद पति की मौत से टूट चुकी है शोभा

इस हादसे के बाद से मृतक की पत्नी शोभा देवी बदहवास हैं। कुछ साल पहले उनके इकलौते बेटे की मौत कोरोना संक्रमण के कारण हो गई थी। अब घर में उनकी जवान बेटी के अलावा कोई नहीं बचा है, जिसकी शादी और जीविका की चिंता उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती बन गई है।

गांव वालों के मुताबिक, रामजी राम मजदूरी और बकरी पालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी हत्या के बाद उनकी पत्नी और बेटी के सामने कठिन परिस्थितियां खड़ी हो गई हैं।

Share This Article