नालंदा हिलसा बाजार में सिगरेट विवाद से मची भगदड़, युवक को लगी गोली, पीएमसीएच रेफर

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
नालंदा जिले के हिलसा बाजार में सोमवार की रात सिगरेट को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गया। विवाद के बाद बदमाशों ने खुलेआम फायरिंग की, जिसमें एक युवक घायल हो गया। गोली लगने से जख्मी 25 वर्षीय राहुल कुमार को प्राथमिक इलाज के बाद पटना के पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

घटना वरुण तल चौक के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बाजार स्थित पिंटू नामक व्यक्ति की दुकान पर सूरज कुमार और दुकानदार के बीच सिगरेट को लेकर कहासुनी हो गई थी। कुछ घंटे बाद सूरज अपने एक साथी के साथ दुकान पर लौटा और दो राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान राहुल कुमार, जो कि दरोगा बिगहा गांव का रहने वाला है, एड़ी में गोली लगने से घायल हो गया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

फायरिंग के दौरान दुकान में रखा फ्रिज भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चश्मदीदों का कहना है कि यह दुकान अक्सर असामाजिक तत्वों का अड्डा बनी रहती है और नशीले पदार्थों की बिक्री की भी चर्चा है। पुलिस इस पहलू पर भी गंभीरता से जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही हिलसा डीएसपी सुमित कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और छापेमारी जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर हिलसा बाजार में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग सुरक्षा बढ़ाने और असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Share This Article