तीन दिन से लापता युवक की आम के बगीचे में मिली लाश, इलाके में सनसनी

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
नगर थाना क्षेत्र के अमीर टोला स्थित आम के बगीचे से शनिवार की सुबह एक युवक की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान धनुपरा वार्ड संख्या 34 निवासी रोहित गांधी (20 वर्ष), पिता चांद केश्वर मुसहर, के रूप में हुई है। युवक तीन दिन पहले घर से निकला था और तभी से लापता था।

परिजनों के अनुसार, रोहित गांधी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी और वह पहले भी कई बार बिना बताए घर से निकल जाता था, लेकिन हर बार लौट आता था। इस बार वह तीन दिन पहले निकला, लेकिन वापस नहीं आया। शनिवार सुबह जब परिजन नगर निगम उपचुनाव में वोट देने जा रहे थे, तभी एक राहगीर ने सूचना दी कि अमीर टोला के आम बगीचे में एक युवक का शव पड़ा है। परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि रोहित मृत अवस्था में पड़ा हुआ है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के चाचा डीएम राम ने बताया कि किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, इसलिए हत्या की संभावना फिलहाल नहीं जताई जा रही है। पलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। प्रारंभिक तौर पर शव पर कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं।

पारिवारिक स्थिति
जानकारी के मुताबिक, रोहित गांधी तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसके पिता केरल में मजदूरी करते हैं, जबकि रोहित गांव में रहकर मजदूरी करता था। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।

Share This Article