सिटी पोस्ट लाइव
बिहार पुलिस की छवि को शर्मसार करने वाला एक और मामला सामने आया है। मधुबनी जिले के हरलाखी थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर (SI) अरुण कुमार सिंह का रिश्वत लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो कमलावरपट्टी गांव के एक बच्चे द्वारा छत से रिकॉर्ड किया गया, जिसमें दारोगा साहब एक महिला से खुलेआम रुपये लेते हुए नजर आ रहे हैं।
बताया गया है कि गांव में सुधन मंडल और रघुवीर मंडल के बीच भूमि विवाद का मामला चल रहा था। इस मामले में संबंधित सीओ ने एक पक्ष को जमीन पर निर्माण कार्य की अनुमति दी थी। मगर आरोप है कि दारोगा अरुण कुमार सिंह ने पहले पक्ष को डरा-धमकाकर काम रुकवा दिया और फिर दूसरे पक्ष से रिश्वत वसूलने उनके घर जा पहुंचे। खास बात यह रही कि दारोगा साहब ने हेलमेट पहना हुआ था और महिला से नोट लेकर उसे अपनी जेब में डालते दिखाई दिए।
‘तकनीकी’ प्लान फेल कर गया स्मार्टफोन
दारोगा जी ने सोचा था कि थाने में रिश्वत लेने से बेहतर है कि लोगों के घर जाकर चुपचाप पैसा लिया जाए, ताकि कोई सबूत न बने। लेकिन स्मार्टफोन से लैस आज की पीढ़ी से कहां कुछ छिपा रह सकता है? जैसे ही वह घर में बैठे रिश्वत ले रहे थे, एक बच्चे ने सामने की छत से इस पूरे घटनाक्रम को रिकॉर्ड कर लिया।
क्या पुलिस महकमा करेगा जवाबदेही तय?
बिहार में भ्रष्टाचार को लेकर लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि क्या मधुबनी पुलिस विभाग इस वायरल वीडियो पर संज्ञान लेता है या मामला “जांच जारी है” के पुराने बहाने में उलझकर रह जाएगा।