आरा में डॉक्टर की लापरवाही से महिला की मौत, गुस्साए परिजनों ने की क्लीनिक में तोड़फोड़

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

आरा। बिहार के आरा जिले में एक महिला की मौत डॉक्टर की लापरवाही के कारण हो गई, जिसके बाद गुस्साए परिजनों ने क्लीनिक में जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ मचाई। यह घटना नवादा थाना क्षेत्र के महावीर टोला स्थित एक निजी अस्पताल में हुई। इस घटना के चलते इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

अचानक बिगड़ी महिला की तबीयत

मृतका की पहचान चांदी थाना क्षेत्र के जहनपुर गांव निवासी शशि भूषण सिंह की 35 वर्षीय पत्नी शोभा देवी के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि इलाज के दौरान डॉक्टर की लापरवाही के कारण महिला की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। इससे नाराज होकर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और वहां मौजूद फर्नीचर, एक्स-रे मशीन और अन्य सामान को तोड़ दिया।

इसके बाद शव को लेकर शहीद भवन पेट्रोल पंप के पास सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। सड़क जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे इलाके में यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही नवादा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर जाम हटवाया।

भाई ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप

मृतका के भाई वीरेंद्र कुमार ने बताया कि उसकी बहन को दांत में दर्द था, जिसके इलाज के लिए वह उसे सोमवार को ससुराल से लेकर आया था। बुधवार को इलाज के लिए महावीर टोला स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद दवा दी और बाहर से मंगवाए गए एक इंजेक्शन को लगाने के तुरंत बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। महिला मुंह से झाग छोड़ने लगी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

वीरेंद्र कुमार का आरोप है कि डॉक्टर ने इलाज में लापरवाही बरती और एक्सपायरी इंजेक्शन दे दिया, जिससे उसकी बहन की जान चली गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल कर्मियों ने पर्ची छीन ली और उसे किसी अन्य अस्पताल ले जाने की कोशिश की। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share This Article