सिटी पोस्ट लाइव
बोकारो । प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य सभी को किफायती दरों पर आवास उपलब्ध कराना है। लेकिन बोकारो जिले के चास मुफस्सिल थाना अंतर्गत कालापत्थर क्षेत्र में इस योजना के लाभुकों को अब तक आवास नहीं मिला है, जिससे वे भारी मानसिक और आर्थिक परेशानी झेल रहे हैं।
कालापत्थर प्रधानमंत्री आवासीय परियोजना के अंतर्गत कई लाभुकों ने नियमानुसार कुल निर्धारित राशि का भुगतान नवंबर 2023 में ही कर दिया था। उन्हें मौखिक रूप से आश्वासन दिया गया था कि दिवाली 2023 तक उन्हें गृह प्रवेश करा दिया जाएगा। परंतु, नगर निगम द्वारा बार-बार सिर्फ आश्वासन दिए गए और आज तक किसी भी लाभुक को उनके आवास का अधिकारिक हस्तांतरण नहीं किया गया है। लाभुकों ने जब 2 अप्रैल 2024 को नगर निगम कार्यालय में संपर्क किया, तो उन्हें बताया गया कि राज्य में चुनावी आचार संहिता लागू होने के कारण आवास हस्तांतरण रुका हुआ है।
लेकिन अब चुनाव संपन्न होने के बावजूद भी कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है, जिससे लाभुकों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। इन लाभुकों में अधिकतर मध्यम वर्गीय परिवार से आते हैं, जिन्होंने किसी तरह कर्ज लेकर या अपनी जमापूंजी से आवास के लिए 3.11 लाख रुपये की पूरी राशि जमा की है। लेकिन आवास न मिलने के कारण वे अब भी किराए के मकानों में रहने को मजबूर हैं। इससे उनके आर्थिक बोझ के साथ-साथ मानसिक तनाव भी बढ़ रहा है।
सरकार द्वारा इस योजना के तहत गरीबों और मध्यमवर्गीय परिवारों को आवास का सपना दिखाया गया था, लेकिन जब लाभुकों को समय पर उनका अधिकार नहीं मिलता, तो यह योजना केवल कागजों तक ही सीमित रह जाती है। प्रशासन को चाहिए कि वह जल्द से जल्द लाभुकों को उनके घर सौंपे और उनकी परेशानियों को समाप्त करे।