सऊदी अरब में दर्दनाक सड़क हादसा, 9 भारतीयों सहित 15 की मौत

नेपाल और घाना के भी तीन-तीन नागरिकों की गई जान

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

जेद्दा/नई दिल्ली। सऊदी अरब के पश्चिमी क्षेत्र में स्थित जेद्दा के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना में 15 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 9 भारतीय नागरिक शामिल हैं। इस दुर्घटना में नेपाल और घाना के भी तीन-तीन नागरिकों की जान गई है। भारतीय दूतावास ने बुधवार को इस घटना की पुष्टि करते हुए मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का वादा किया है। इस हादसे के बाद शोक की लहर दौड़ गई है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इस हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने एक्स पर लिखा, “जेद्दा में हुए इस दुखद सड़क हादसे की खबर सुनकर अत्यधिक दुःख हुआ। मैंने वहां के कौंसल जनरल से बात की है, जो पीड़ित परिवारों के संपर्क में हैं और उन्हें सभी प्रकार की मदद दे रहे हैं।”

तेलंगाना का एक श्रमिक भी हादसे का शिकार हुआ भारतीय समुदाय के अनुसार, ये सभी श्रमिक जिजान के दक्षिणी बंदरगाह शहर में अपने कार्यस्थल की ओर जा रहे थे। इस दौरान उनकी बस एक ट्रेलर से टकरा गई। बस में कुल 26 लोग सवार थे, जिनमें से 15 की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए। मृतकों में तेलंगाना के जगत्याल जिले के मेटपली मंडल से संबंधित कपेली रमेश (32) भी शामिल हैं। रमेश की मृत्यु की खबर ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

भारत सरकार ने शोक व्यक्त किया भारतीय दूतावास ने इस दुर्घटना पर अपनी संवेदना व्यक्त की और कहा, “हम जेद्दा के पास सड़क हादसे में 9 भारतीय नागरिकों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं। मृतकों के परिवारों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। भारतीय वाणिज्य दूतावास स्थानीय प्रशासन और प्रभावित परिवारों के संपर्क में है और सभी प्रकार की सहायता प्रदान कर रहा है।”

घायलों का इलाज जारी इस हादसे में घायल हुए लोगों के इलाज के लिए पूरी व्यवस्था की जा रही है। भारतीय मिशन ने पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। सरकार मृतकों के शवों को जल्द से जल्द उनके परिवारों तक पहुंचाने की प्रक्रिया में लगी हुई है। इस घटना ने सऊदी अरब में काम कर रहे भारतीय श्रमिकों की सुरक्षा पर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। सरकार सभी प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद देने के लिए प्रयासरत है।

Share This Article