सिटी पोस्ट लाइव
बक्सर। बिहार दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में शनिवार की संध्या रामरेखा घाट पर भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अंशुल अग्रवान ने इस मौके पर बिहार के विकास यात्रा पर विस्तार से चर्चा की और गंगा की स्वच्छता एवं संरक्षण पर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। गंगा आरती के आयोजन में डीएम के साथ सदर एसडीएम धीरेंद्र मिश्रा, प्रशासनिक अधिकारी एवं नगर के कई गणमान्य नागरिक शामिल हुए। इस अवसर पर रामरेखा घाट को भव्य रूप से सजाया गया था, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। दीपों की रोशनी से घाट की सुंदरता और भी निखर गई।

मुख्य पुजारी अमरनाथ पांडेय उर्फ लाला बाबा, कपिल मुनि पांडेय और धनन तिवारी ने विधिपूर्वक आरती संपन्न कराई। कार्यक्रम में नमामि गंगे के शैलेश कुमार, रेडक्रॉस के सचिव डॉ. श्रवण कुमार तिवारी, राजनेता संजय सिंह, डॉ. शशांक शेखर, ओमजी यादव, पप्पू राय सहित नगर के प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने सहभागिता निभाई। सभी ने गंगा की महत्ता को रेखांकित करते हुए इसके स्वच्छता और संरक्षण का संकल्प लिया। इस आयोजन ने न केवल गंगा आरती की परंपरा को सशक्त किया, बल्कि समाज में गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई। उपस्थित अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने इसे एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक पहल करार देते हुए सराहना की।