सिटी पोस्ट लाइव
प्रयागराज: प्रयागराज में महाकुंभ मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच मची भगदड़ पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, जिसमें कई श्रद्धालुओं की जान गई है। शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।” इस घटना पर बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने भी दुख व्यक्त किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस घटना की पूरी समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने शांति बनाए रखने की अपील भी की। मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि घटना के पीछे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का इकट्ठा होना मुख्य कारण है, और प्रशासन इस पर नजर रखे हुए है।
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी इस घटना पर शोक जताते हुए X अकाउंट पर लिखा, “प्रयागराज महाकुंभ में मौनी अमावस्या स्नान के दिन संगम तट पर भगदड़ में श्रद्धालुओं के घायल होने और मृत्यु की खबर बहुत ही दुखद है। भगवान दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायल श्रद्धालुओं को शीघ्र स्वस्थ होने का आशीर्वाद दें।”
पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया और कई गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने X पर लिखा, “महाकुंभ में व्यवस्थाओं की कमी के कारण यह बड़ा हादसा हुआ है, जो बेहद दुखद है। इतने हिंदू श्रद्धालु मारे गए, और पूरा देश शोक में डूबा है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी ने शोक भी नहीं व्यक्त किया और न ही श्रद्धालुओं को श्रद्धांजलि दी। क्या वे जिम्मेदारी लेने के बजाय इसे छुपाने का प्रयास करेंगे?”