करवा चौथ हर वर्ष कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाता है। इस दिन महिलाएं अपनी पति की लंबी उम्र की कामना करती है। आइए जानते है इस साल करवा चौथ कब है और शुभ मुहूर्त क्या है।
हिंदू धर्म में करवा चौथ को महिलाओं के लिए बहुत खास माना जाता है। इस व्रत का सुहागिन महिलाएं बेसब्री से इंतजार करती है। बता दें कि करवा चौथ हर वर्ष कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाता है। दरअसल, करवा चौथ के दिन सुहागिन महिलाएं प्रातः स्नान कर पूजा-अर्चना करती हैं और पूरे दिन निर्जला उपवास रखती हैं। रात में चांद के दर्शन करने के बाद ही वे अपना व्रत संपन्न करती हैं। हालांकि, हिंदू पंचांग के मुताबिक करवा चौथ का व्रत कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि 9 अक्टूबर 2025 को रात 10 बजकर 54 मिनट से शुरू होकर 10 अक्टूबर को शाम 7 बजकर 38 मिनट पर समाप्त होगी। वैसे यह व्रत 10 अक्टूबर 2025 को ही रखा जाएगा। वहीं, इस वर्ष दिल्ली में करवा चौथ के अवसर पर चंद्रोदय शाम 7 बजकर 42 मिनट पर होगा, जबकि देश के अन्य क्षेत्रों में चांद निकलने का समय भिन्न-भिन्न रहेगा। इस वर्ष करवा चौथ का शुभ मुहूर्त शाम 5 बजकर 16 मिनट से 6 बजकर 29 मिनट तक रहेगा।
मान्यता है कि करवा चौथ का व्रत सुहागिन महिलाएं पूरे विधि-विधान से करती हैं और करवा मैया से अपने पति की लंबी आयु और स्वास्थ्य की कामना करती हैं। यह व्रत पति-पत्नी के संबंधों को मजबूत बनाता है और घर-परिवार में सुख-समृद्धि लाता है। इसे अखंड सौभाग्य का प्रतीक भी माना जाता है। करवा चौथ का व्रत विशेष रूप से माता करवा और भगवान गणेश को समर्पित होता है। इस दिन भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान कार्तिकेय और चंद्र देव की भी पूजा करने की परंपरा है। व्रत समाप्त होने के बाद महिलाएं चंद्रमा को जल अर्पित कर, पति के हाथ से पानी पीकर अपना व्रत खोलती हैं।