होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द्र का त्योहार है: उर्मिला कुमारी

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

पटना। राजधानी पटना के शास्त्री नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में होली मिलन समारोह हर्षोल्लास और उमंग के साथ आयोजित किया गया। विद्यालय के प्रबंधन समिति के तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम का शुभारंभ सचिव उर्मिला कुमारी, सदस्या रीना कुमारी एवं प्रधानाचार्य राकेश कुमार मिश्र द्वारा किया गया। उद्घाटन की औपचारिकता मां सरस्वती, भारत माता और परब्रह्म ऊं के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पण के साथ पूरी की गई। विद्यालय परिसर में चारों ओर उल्लास का वातावरण था, जहां विद्यार्थियों, आचार्यों एवं अभिभावकों ने मिलकर रंगों और संगीत का आनंद उठाया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

एकता और सौहार्द्र का दिया संदेश

इस अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों (छात्र-छात्राओं) और आचार्य बंधु-भगिनी ने पारंपरिक होली गीतों की सुंदर प्रस्तुति दी। इस सांस्कृतिक संध्या में “रंग बरसे”, “होली आई रे” और “अभी तो रंग बाकी है” जैसे लोकगीतों ने समा बांध दिया। न केवल विद्यार्थियों बल्कि विद्यालय के शिक्षकों और अभिभावकों ने भी संगीत की धुन पर झूमते हुए एकता और सौहार्द्र का संदेश दिया।

कार्यक्रम में सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं और होली के महत्व पर अपने विचार रखे। विद्यालय परिसर में चारों ओर उमंग और सौहार्द्र का वातावरण दिखाई दिया, जो इस पर्व के मुख्य संदेश को दर्शाता है।

होली केवल रंगों का नहीं, बल्कि आपसी प्रेम और भाईचारे का त्योहार है। यह पर्व हमें हर भेदभाव को मिटाकर एक-दूसरे के साथ मिल-जुलकर रहने की प्रेरणा देता है। हमें अपने मित्रों, सहपाठियों और पड़ोसियों के साथ सौहार्द्र बनाए रखना चाहिए और एक आदर्श समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। विद्यालयों में इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन बच्चों के अंदर सामाजिक चेतना जगाने में सहायक होते हैं। इससे उन्हें भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिलता है, जो उनके व्यक्तित्व के विकास में अहम भूमिका निभाता है।

उर्मिला कुमारी, सचिव, विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति

एकता और प्रेम को बढ़ावा देना उद्देश्य : प्रधानाचार्य

इस भव्य आयोजन का संचालन प्रधानाचार्य राकेश कुमार मिश्र ने किया। उन्होंने कहा कि त्योहारों का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि एकता और प्रेम को बढ़ावा देना भी है। हमें अपने परिवार और समाज के साथ मिलकर इन अवसरों का आनंद लेना चाहिए और जीवन को खुशहाल बनाने के प्रयास करने चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति की सदस्या श्रीमती रीना कुमारी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी के सहयोग की सराहना की। समारोह के समापन के पश्चात सभी उपस्थित विद्यार्थियों, आचार्यों एवं अभिभावकों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया, जिससे आयोजन का समापन पूर्ण आनंद और प्रसन्नता के साथ हुआ।

कई गणमान्य अतिथि रहे उपस्थित

इस अवसर पर कई प्रशिक्षित शिक्षाविदों, समाजसेवियों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में निभा सिंह, मधु मालती कुमारी, शिव कुमार साहू, सुशील कुमार शर्मा, सीमा कुमारी, सविता शालिनी, अमृता सिन्हा, धनंजय प्रसाद सिंह, मनोज कुमार, राकेश कुमार रंजन, गुड्डू कुमार, बबन कुमार व्योम, माधवी कुमारी, अखिलेश कुमार, रिंकी कुमारी सहित कई अन्य महत्वपूर्ण व्यक्तियों ने भाग लिया।

Share This Article