सिटी पोस्ट लाइव
समस्तीपुर। दिल्ली के रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में समस्तीपुर के एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। सभी कुंभ स्नान के लिए जा रहे थे।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में कुल 18 लोगों की मौत हो गई है, जिसमें समस्तीपुर जिले के तीन लोग भी शामिल हैं। इस दुखद घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और गांव में सन्नाटा पसर गया। मृतकों में ताजपुर प्रखंड के श्रीचंद्रपुर कोठिया वार्ड 7 के निवासी विजय साह, उनकी पत्नी कृष्णा देवी और उनकी नतिनी सुरुचि कुमारी शामिल हैं।

मृतकों के परिजनों के अनुसार, 7 फरवरी को विजय साह अपनी पत्नी कृष्णा देवी के साथ दिल्ली में रह रहे अपने बेटे के पास गए थे। वहीं से वे अपने बेटे, नतिनी और पत्नी के साथ कुंभ स्नान के लिए रवाना हुए थे। दिल्ली स्टेशन पर पहुंचने पर भगदड़ मच गई, जिसमें उनकी जान चली गई। परिवार का आरोप है कि इस हादसे के लिए रेलवे प्रशासन की लापरवाही जिम्मेदार है, क्योंकि स्टेशन पर उचित व्यवस्था नहीं की गई थी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय राजद विधायक रणविजय साहू पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और दुख जताया। उन्होंने इस हादसे के लिए केंद्र सरकार और रेलवे प्रशासन को दोषी ठहराते हुए कहा कि कुंभ स्नान के लिए लाखों यात्री सफर कर रहे हैं, लेकिन रेलवे स्टेशन पर पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। उन्होंने मांग की है कि मृतकों के परिवारों को मुआवजा दिया जाए और बिहार के मुख्यमंत्री से भी पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी देने की अपील की है।