सिटी पोस्ट लाइव
पटना: आईआईटी की तैयारी कराने वाले प्रतिष्ठित संस्थानों में से एक FITJEE सेंटर पटना में करोड़ों की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि दिल्ली मुख्यालय ने 6 महीने पहले ही पटना सेंटर को एडमिशन बंद करने का निर्देश दिया था, लेकिन इसके बावजूद एडमिशन लिए गए और करोड़ों रुपये की वसूली कर ली गई।
दिल्ली मुख्यालय की रोक के बावजूद पटना सेंटर ने छात्रों से एडमिशन फीस और अन्य चार्ज के नाम पर करोड़ों रुपये लिए। इसके बाद सेंटर अचानक बंद कर दिया गया और सभी जिम्मेदार लोग फरार हो गए। जब छात्रों और अभिभावकों को इस धोखाधड़ी का पता चला, तो हड़कंप मच गया। FITJEE दिल्ली मुख्यालय का कहना है कि उन्होंने 6 महीने पहले ही एडमिशन पर रोक लगा दी थी, लेकिन पटना सेंटर ने उनके निर्देशों को अनदेखा किया और छात्रों को धोखा दिया।
छात्रों और अभिभावकों ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच के बाद यह साफ हो गया कि यह पूरी ठगी एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत की गई। पुलिस अब न्यायालय से वारंट लेकर आरोपियों की गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है। यह मामला करोड़ों रुपये के घोटाले से जुड़ा है, जिससे सैकड़ों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक इस मामले में दोषियों को पकड़ पाती है।