सिटी पोस्ट लाइव
पटना: पटना जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल और ₹25,000 के इनामी कुख्यात अपराधी वीरेंद्र कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लूट, डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट जैसे कई संगीन मामलों में शामिल यह अपराधी लंबे समय से फरार था और पुलिस के साथ आंख-मिचौली खेल रहा था। आखिरकार, पटना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर इसे धर दबोचा।
वीरेंद्र कुमार लुधियाना में छिपकर रह रहा था, लेकिन 9 फरवरी को अपने रिश्तेदार के श्राद्ध कर्म में शामिल होने खुसरूपुर थाना क्षेत्र के नगर नौसा पहुंचा। पुलिस को इसकी भनक लगते ही सटीक योजना बनाकर दबिश दी गई और इसे गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, इसके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ, लेकिन पुलिस इसे रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ करेगी।
बिहार ही नहीं, झारखंड के कोडरमा में भी इस अपराधी की पुलिस को तलाश थी। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही झारखंड पुलिस को भी इसकी सूचना दे दी गई है। पटना ग्रामीण एसपी विक्रम सियाग ने जानकारी देते हुए बताया कि वीरेंद्र कुमार कई वर्षों से फरार चल रहा था और उस पर लूट, डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। 2021 में इसने पेट्रोल पंप लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया था, जिसके बाद से यह पुलिस की हिट लिस्ट में था। गृह विभाग ने इस पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया था।