बगहा में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी के दौरान हंगामा, पुलिस टीम पर हमला

दो जवान और एक महिला घायल

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

बगहा: सेमरा थाना क्षेत्र के दढ़िया गांव में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की छापेमारी के दौरान स्थिति बेकाबू हो गई। इस कार्रवाई के दौरान एक युवती सुपनेखा की नाक गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। खून से लथपथ सुपनेखा को देखकर लोग उग्र हो गए और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में दो पुलिसकर्मी जख्मी हो गए, वहीं एक महिला भी घायल हुई। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ियों को भी निशाना बनाया और उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

कैसे बिगड़े हालात?

बगहा उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर प्रभुनाथ सिंह के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि गांव में अवैध शराब बनाई जा रही है। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छापेमारी की। लेकिन पुलिस के पहुंचते ही गांववालों ने विरोध शुरू कर दिया, जो जल्द ही हिंसक हो गया। इस दौरान दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सुपनेखा की मां ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

घटना को लेकर सुपनेखा की मां कोशीला देवी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि पुलिस ने उनकी बेटी पर बेरहमी से लाठीचार्ज किया, जिससे उसकी नाक कट गई और खून बहने लगा। उन्होंने बताया कि जब उनके पति ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया, तो पुलिस ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच उनकी बेटी बचाव करने आई, तो पुलिस ने उसे भी पीट दिया।

पुलिस पर पथराव, FIR दर्ज

जब गांववालों ने सुपनेखा को खून से लथपथ हालत में देखा, तो वे बेकाबू हो गए। उन्होंने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया और पुलिस की गाड़ियों को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इंस्पेक्टर प्रभुनाथ सिंह ने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला किया गया, जिसमें उनके दो जवान घायल हो गए। हालांकि, उन्होंने इस पर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया कि सुपनेखा की नाक कैसे कटी।

उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच की जाएगी और हमला करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल गांव में तैनात कर दिया गया है। पुलिस हमलावरों की पहचान कर रही है और जल्द ही कड़ी कार्रवाई करने की बात कही जा रही है।

Share This Article