सिटी पोस्ट लाइव
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के घर उस वक्त एक विशेष दृश्य देखने को मिला जब उनके नवजात बेटे ईराज यादव के स्वागत के लिए किन्नरों की एक बड़ी टोली उनके आवास पर पहुंची। यह दृश्य पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के पटना स्थित आवास पर सामने आया, जहां तेजस्वी यादव अपने नवजात पुत्र के साथ पहुंचे थे।
जैसे ही किन्नरों को इराज के आगमन की जानकारी मिली, वे ढोल-नगाड़ों के साथ लालू आवास पहुंच गए। किन्नरों ने पहले लालू प्रसाद यादव और फिर तेजस्वी यादव से मुलाकात की और नवजात शिशु ईराज को गोद में लेकर आशीर्वाद दिया। उन्होंने परिवार को बधाइयाँ दीं और ईराज के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
मीडिया से बात करते हुए किन्नरों ने कहा, “हम बहुत खुश हैं। लालू जी ने जो दिया, हमने ले लिया। हमने तेजस्वी यादव के पुत्र को आशीर्वाद दिया है कि वह खूब फलें-फूलें। तेजस्वी जी को भी हमने आशीर्वाद दिया है कि वह जल्द ही बिहार के मुख्यमंत्री बनें।”
यह दृश्य पारंपरिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि भारतीय समाज में जन्म पर किन्नरों द्वारा बधाई देने की एक पुरानी परंपरा रही है। तेजस्वी यादव के घर इस परंपरा ने एक भावनात्मक और सामाजिक रंग भर दिया।