सिटी पोस्ट लाइव : अब बहुत जल्द पटना को रिंग रोड मिलनेवाला है.पटना साहिब से सांसद रविशंकर प्रसाद ने गुरुवार को संसद भवन में सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर पटना में रिंग रोड बनाने की मांग की है.उन्होंने बिहार में NH-22 (पुनपुन) से NH-31 (दीदारगंज) तक सड़क के चौड़ीकरण और विस्तारीकरण की मांग की है.इस सड़क का विस्तार SH-01 गौरीचक पुनपुन सुरक्षा बांध मार्ग से होकर होगा. नितिन गडकरी ने रवि शंकर प्रसाद के इस मांग को जल्द ही स्वीकार करने का आश्वासन दिया है.
रविशंकर प्रसाद ने सितंबर 2024 में भी यह मांग उठाई थी.साथ ही हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रगति यात्रा के दौरान भी उनसे इस सड़क की चर्चा की थी. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी इस प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए इसे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को भेज दिया है.इस सड़क के चौड़े होने से फतुहा इंडस्ट्रियल एरिया, बख्तियारपुर, दीदारगंज और गया की ओर आवागमन आसान होगा.यह पटना शहर को गंगा पाथवे (26 किमी) से भी जोड़ेगा, जिससे लाखों लोगों को फायदा मिलेगा.
इस सड़क के बनने से पटना में NH-22 और NH-31 को सीधा जोड़ने वाला मार्ग मिलेगा, जो शहर के लिए रिंग रोड की तरह काम करेगा. उत्तर बिहार, भागलपुर और पश्चिम बंगाल तक का सफर भी सुगम हो जाएगा.