Bihar Politics:
सिटी पोस्ट लाइव : प्रशांत किशोर के जन-सुराज को धाकड़ राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है.पूर्णिया के पूर्व सांसद उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह को जन सुराज पार्टी का पहला राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है.पटना में प्रशांत किशोर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की घोषणा करते हुए बताया कि जन सुराज की 150 कोर कमेटी के सदस्यों ने सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव किया है. पप्पू सिंह पूर्णिया से दो बार बीजेपी के सांसद रहे है और पूर्णिया क्षेत्र के रसूखदार राजनीतिक और नौकरशाह परिवार से आते हैं.
साल 2019 में जब जेडीयू और बीजेपी दोबारा साथ आए तो यह सीट जेडीयू के पास चली गई थी. तब पप्पू सिंह ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. कांग्रेस से अलग होने के बाद पप्पू सिंह पिछले कुछ समय से जन सुराज के लिए काम कर रहे थे.आइए उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह के बारे में कुछ और जानकारी प्राप्त करते हैं.
उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह बिहार की राजनीति के एक बड़े नाम हैं. पूर्णिया क्षेत्र के बड़े लोगों में शुमार पप्पू सिंह का परिवार शुरू से ही राजनीतिक रहा है. यही नहीं उनके परिवार का नौकरशाही में भी खूब दबदबा रहा है. पप्पू सिंह के पिता टीपी सिंह बिहार भारतीय सिविल सर्विस (पहले आईएएस को आईसीएस कहा जाता था) के बड़े अफसर थे.
उदय सिंह और पप्पू सिंह की मां माधुरी सिंह भी पूर्णिया से दो बार कांग्रेस की सांसद रह चुकी थीं. पप्पू सिंह के दो भाई और चार बहन हैं उनके बड़े भाई एनके सिंह रिटायर्ड आईएएस हैं और जदयू के राज्यसभा सांसद रहे हैं. एन के सिंह अब भाजपा के साथ हैं. केंद्र सरकार ने वर्ष 2017 में एनके सिंह को 15वें वित्त आयोग का अध्यक्ष बनाया था, जिनका कार्यकाल 2023 में खत्म हो गया.
उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह की एक बहन श्यामा सिंह बिहार के पूर्व सीएम सत्येंद्र नारायण सिंह की बहू हैं. श्यामा सिंह के पति निखिल कुमार आईपीएस अफसर रहे हैं और वह बिहार के राज्यपाल भी रहे हैं. निखिल कुमार औरंगाबाद लोकसभा से सांसद रहे हैं जहां से उनके पिता सात बार सांसद चुने गए थे. इस सीट से एक बार श्यामा सिंह खुद भी सांसद बनी थीं. श्यामा सिंह की सास किशोरी सिन्हा भी सांसद रहीं थीं. पप्पू की दो बहने राधा सिंह और कृष्णा सिंह भी आईएएस अफसर रही हैं.