थानाध्यक्ष सहित कई पुलिसकर्मी घायल, गांव में भारी पुलिस बल तैनात, 6 आरोपी गिरफ्तार
सिटी पोस्ट लाइव
पूर्ण शराबबंदी वाले बिहार में शराब तस्करी पर नकेल कसने गई पुलिस टीम पर शुक्रवार को गोपालगंज जिले के तकियाटोला गांव में ग्रामीणों और तस्करों ने मिलकर हमला कर दिया। हमले में कुचायकोट थानाध्यक्ष आलोक कुमार समेत कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गोपालपुर थाना क्षेत्र के तकियाटोला गांव में अवैध शराब व पशु तस्करी की गतिविधियां चल रही हैं। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए पहुंची पुलिस टीम पर अचानक भीड़ ने हमला कर दिया। हमले में पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं भी शामिल थीं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि घटना पूर्व नियोजित लगती है।
घटना के बाद सदर एसडीपीओ प्रांजल, गोपालगंज एसपी अवधेश दीक्षित और जिले के कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। करीब एक दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य रूप से संलिप्त 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, जिस कारण भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
एसपी अवधेश दीक्षित ने कहा: “कानून तोड़ने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पर हमला गंभीर अपराध है, और इसमें शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।”