सहरसा में 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत, दफनाने से पहले पहुंची पुलिस, परिजन शव छोड़कर फरार

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
सहरसा जिले के बिहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिहौल गांव में एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की नजरा खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका मोहम्मद कलाम की बेटी थी और अपने पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी।

परिजनों द्वारा शव को कब्रिस्तान में दफनाने की तैयारी की जा रही थी, इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मृतका ने कथित रूप से कीटनाशक खाकर आत्महत्या की है। सूचना पाकर बिहरा थाना के सब इंस्पेक्टर बाबर अली के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखकर परिजन शव को छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सहरसा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

स्थानीय निवासी बीबी हविदा के अनुसार, 24 मई को नजरा खातून किसी से मोबाइल पर बात कर रही थी, जिसे देखकर उसके पिता ने डांटा। नाराज होकर नजरा ने गेहूं में रखने वाली कीटनाशक दवा खा ली। गंभीर स्थिति में उसे सहरसा के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के असल कारण का पता चलने की संभावना है।

Share This Article