बिजली, सड़क, रेलवे और शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक निवेश
सिटी पोस्ट लाइव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के काराकाट से ₹48,500 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान मंच पर मौजूद रहे। प्रधानमंत्री के इस दौरे को राज्य में आधारभूत ढांचे के विकास और निवेश के बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है। इन परियोजनाओं में से ₹7,000 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन और ₹41,500 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ।
ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा निवेश
NTPC नबीनगर सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट का विस्तार NTPC के नबीनगर सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट (फेज-2) के अंतर्गत ₹30,000 करोड़ की लागत से 800 मेगावाट क्षमता वाली तीन इकाइयों की स्थापना की जाएगी। यह इकाइयां उच्च दक्षता वाली अल्ट्रा सुपरक्रिटिकल एयर-कूल्ड कंडेंसर तकनीक से सुसज्जित होंगी। इससे पावर प्लांट की कुल क्षमता बढ़कर 4380 मेगावाट हो जाएगी। यह परियोजना बिहार के कृषि और औद्योगिक क्षेत्रों को लगातार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद करेगी और राज्य को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करेगी।
सड़क संपर्क को मजबूती: ₹17,000 करोड़ की हाईवे परियोजनाएं
उद्घाटन परियोजनाएं:
NH-22: पटना-गया-डोभी खंड (127 किमी) का फोर लेनिंग
NH-27: गोपालगंज एलिवेटेड सेक्शन (2.75 किमी) का उन्नयन
शिलान्यास परियोजनाएं:
NH-119A: पटना-आरा-सासाराम (119 किमी) फोर लेन
NH-319B: वाराणसी-रांची-कोलकाता (132 किमी) सिक्स लेन
NH-119D: रामनगर-कच्ची दरगाह (14.5 किमी) सिक्स लेन
NH-922: बक्सर-भरौली के बीच गंगा नदी पर 3.3 किमी का नया पुल
ये परियोजनाएं झारखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों से बिहार के सड़क संपर्क को बेहतर बनाएंगी और धार्मिक पर्यटन, स्थानीय व्यापार व उद्योगों को नया बल देंगी।
रेलवे परियोजनाओं का शिलान्यास
रेलवे नेटवर्क को आधुनिक बनाने के लिए ₹15,000 करोड़ की योजनाएं शिलान्यास पटना के हार्डिंग पार्क में पांच नए टर्मिनल प्लेटफॉर्म्स का निर्माण राष्ट्र को समर्पित इन परियोजनाओं में सासाराम से अनुग्रह नारायण रोड तक 25 किलोमीटर के खंड में स्वचालित सिग्नलिंग प्रणाली की स्थापना और सोननगर से मोहमदगंज तक 65 किलोमीटर लंबी तीसरी रेल लाइन का निर्माण शामिल है। इन पहलों से रेलवे में यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार, संचालन में अधिक दक्षता, और भीड़ के बेहतर प्रबंधन की संभावना बढ़ेगी।
शिक्षा क्षेत्र को नई दिशा
जहानाबाद में नवोदय विद्यालय का छात्रावास शुरू प्रधानमंत्री मोदी ने जहानाबाद के नवोदय विद्यालय में ₹8 करोड़ की लागत से निर्मित 192 बिस्तरों वाला छात्रावास और 21 स्टाफ क्वार्टर्स का उद्घाटन किया। इससे राज्य के मेधावी छात्रों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिलेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा बिहार के औद्योगिक, अवसंरचनात्मक और सामाजिक विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इससे राज्य के लाखों लोगों को रोजगार, बिजली, सड़क, शिक्षा और परिवहन जैसी बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी और बिहार की आर्थिक गति को नया आयाम मिलेगा।
इस दौरे को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह आगामी चुनावों से पहले केंद्र और राज्य सरकारों के विकास कार्यों की एकजुट प्रस्तुति है।