सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन के मौके पर बीजेपी अनुसूचित जाति मोर्चा ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के अपमान को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। बीजेपी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पटना सहित अन्य जिलों में लालू यादव का पुतला दहन किया और जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “लालू यादव मुर्दाबाद” के नारे लगाए।
बीजेपी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष लखींद्र पासवान ने कहा कि लालू यादव ने बाबा साहब अंबेडकर का अपमान किया है और इस अपमान पर सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, “लालू यादव को अपनी गलतियां स्वीकार करनी चाहिए और सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी होगी। जब तक माफी नहीं मांगी जाती, तब तक पूरे जिले में उनका पुतला दहन जारी रहेगा।”
लखींद्र पासवान ने यह भी सवाल उठाया कि उन सामंतवादी नेताओं द्वारा इस मुद्दे पर चुप्पी क्यों साधी जा रही है, जो बाबा साहब के समर्थक बनने का दावा करते हैं। उन्होंने कहा, “इन नेताओं को लालू यादव के असली चेहरे को उजागर करना चाहिए ताकि लालू यादव का पुतला पूरे देश में जलाया जा सके।”इस घटनाक्रम ने राज्य में राजनीतिक विवादों को और गहरा कर दिया है, और अब यह सवाल उठने लगा है कि क्या लालू यादव अपनी ओर से इस विवाद पर माफी मांगेंगे, या फिर यह विवाद और बढ़ेगा।