Bihar Politics:
सिटी पोस्ट लाइव :कांग्रेस पार्टी में घमाशान जारी है.एक तरफ पार्टी चुनाव की तैयारी में जोरशोर से जुटी है दूसरी तरफ पार्टी के कुछ नेता प्रदेश नेत्रित्व की कार्यशैली से नाराज हैं. मंगलवार को ऐसे नाराज कांग्रेस नेताओं के एक गुट ने कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में धरना दिया और प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ नारे लगाए. गौरतलब है कि चुनाव के पहले कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में कई कार्य कर रही है. नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने अब तक कई जिलों में नए अध्यक्ष बनाने से लेकर प्रकोष्ठों तक का गठन किया है.
लेकिन इन प्रकोष्ठों में अन्य दलों से आए लोगों को जगह दिए जाने का विरोध होने लगा है. पार्टी के पुराने नेता इससे नाराज हैं. ऐसे ही नाराज नेताओं ने मंगलवार को पार्टी दफ्तर में धरना दिया और पार्टी विरोधी नारे लगाए.पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पूर्व अध्यक्ष कुंदन गुप्ता, किसान प्रकोष्ठ से जुड़े रहे राजकुमार शर्मा ने संगठन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि जो बाहरी दलों से आ रहे हैं पार्टी उन्हें तवज्जो दे रही है. पुराने काम करने वाले नेताओं की अनदेखी हो रही है उनकी उपेक्षा की जा रही है.
इस मसले पर पार्टी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष राजेश राठौड़ ने कहा कि पार्टी की नीतियां कुछ लोगों को पसंद नहीं आ रही ऐसे ही नाराज लोग धरना पर बैठे थे.पार्टी में सबकुछ ठीकठाक चल रहा है.प्रदेश अध्यक्ष सबको साथ लेकर चलने की कोशिश कर रहे हैं.