बिहार में कानून-व्यवस्था ‘बुलंद’: चलती राह में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म

Deepak Sharma

मोतिहारी में भाई के सामने नाबालिग से दुष्कर्म: एक गिरफ्तार, दूसरा फरार

सिटी पोस्ट लाइव
मोतिहारी में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक वीभत्स घटना सामने आई है, जहाँ बीते शुक्रवार की देर शाम एक नाबालिग लड़की के साथ उसके भाई के सामने ही चाकू की नोक पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया. यह दिल दहला देने वाली वारदात उस वक्त हुई जब नाबालिग लड़की अपने भाई के साथ अपनी बहन के घर एक शादी समारोह में जा रही थी. आरोपियों ने न सिर्फ लड़की के साथ इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया, बल्कि विरोध करने पर उसके भाई को भी बेरहमी से पीटकर जख्मी कर दिया.

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

घटना का विवरण

यह जघन्य घटना मोतिहारी के बंजरिया थाना क्षेत्र में चैलाहां चौक से फुलवार जाने वाले मुख्य मार्ग पर बरवाडीह पुल के समीप घटी. सुगौली थाना क्षेत्र की रहने वाली यह नाबालिग अपने भाई के साथ बंजरिया थाना क्षेत्र स्थित अपनी बहन के घर शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी. सुनसान और अंधेरे का फायदा उठाते हुए कुछ अपराधियों ने उनकी बाइक रोक ली. आरोपियों में से एक, जिसकी पहचान शेख शकील के रूप में हुई है, ने बाइक की चाभी निकाल ली और लड़की को चाकू दिखाकर बाइक से नीचे उतरने को मजबूर किया. जब भाई ने विरोध किया, तो उसे सड़क पर पटक कर मारा-पीटा गया और गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया. इसके बाद, शेख शकील ने लड़की को सड़क के नीचे ले जाकर दुष्कर्म किया.

ग्रामीणों का हस्तक्षेप और आरोपी की पिटाई

भाई और बहन की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुँचे. उन्होंने एक आरोपी युवक शेख शकील को रंगे हाथ पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी ग्रामीणों को आता देख फरार हो गया. पकड़े गए आरोपी को ग्रामीणों ने जमकर पीटा. आरोपी की पिटाई का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

पुलिस की कार्रवाई और जांच

ग्रामीणों की सूचना पर डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुँची और आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया. वायरल वीडियो में आरोपी के परिजन 112 पुलिस से बकझक करते हुए उसे छुड़ाने का प्रयास करते भी नजर आ रहे हैं. बाद में, बंजरिया पुलिस भी घटनास्थल पर पहुँची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पीड़ित नाबालिग लड़की को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है, जहाँ उसका उपचार किया गया है. पीड़िता की माता ने बंजरिया थाना में शेख शकील को नामजद करते हुए, कुछ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कराई है. सर्किल इंस्पेक्टर मुन्ना कुमार ने बताया कि मामले में एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

न्याय की आस में पीड़ित परिवार

घटना के एक हफ्ते बीत जाने के बाद भी पुलिस दूसरे आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है. दूसरा अज्ञात आरोपी अभी भी फरार है. हालांकि, ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए आरोपी को गिरफ्तार कर बंजरिया थाना की पुलिस अपनी पीठ थपथपा रही है. बिहार में सुशासन के दावों के बावजूद, महिला तो दूर, अब नाबालिग लड़कियाँ भी सुरक्षित नहीं हैं. अपने भाई के साथ बहन के घर जा रही नाबालिग लड़की सुशासन के राज में भी सुरक्षित नहीं पहुँच पाई. बहरहाल, अब पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद कर रहा है और दूसरे आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की भी मांग कर रहा है.

Share This Article