सिटी पोस्ट लाइव : पटना के कंकड़बाग में शनिवार की देर शाम अपराधियों ने तीन से चार राउंड हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी. घटना के समय कई लोग पार्क में टहल रहे थे. गोली की आवाज सुनकर टहल रहे लोग इधर-उधर भागने लगे. कंकड़बाग थाना क्षेत्र के एफ सेक्टर पार्क में फायरिंग की सूचना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. छानबीन में पार्क से एक कट्टा बरामद किया गया. पुलिस आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है.
पटना सदर एसडीपीओ-1 अभिनव के अनुसार घटनास्थल से एक कट्टा बरामद हुआ है. ऐसे में फायरिंग की बात से इंकार नहीं किया जा सकता है. गोली किसने चलाई और क्यों फायरिंग की, इसकी जांच की जा रही है. बहुत जल्द आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी होगी. घटना शाम करीब सात बजे की है. उस समय कुछ लोग पार्क में टहल रहे थे. तभी स्कूटी सवार दो बदमाश आये. पार्क में स्कूटी खड़ी कर ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग करने लगे. गोलियों की आवाज सुनकर वहां मौजूद भागने लगे.
अपराधी स्कूटी से फरार हो गये. अपराधियों के पास हथियार होने की वजह से किसी ने उनका पीछा भी नहीं किया. आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है.पार्क से कट़्टा के साथ खोखा भी मिला है. रात करीब साढ़े नौ बजे तक कंकड़बाग थाने की पुलिस घटनास्थल पर ही मौजूद रही.इस गोलीबारी से लोग दहशत में हैं.लोगों का कहना है कि इस तरह से सरेआम गोली चलेगी तो वो घर से बाहर कैसे निकल पायेगें.