बिहार में बिजली गिरने के साथ आंधी-बारिश की चेतावनी,खुशनुमा हुआ मौसम.

City Post Live

सिटी पोस्ट लाइव :बिहार  के लोग पिछले तीन दिनों से गर्मी से बेहाल थे लेकिन आज से मौसम का मिजाज बदल गया है.  तेज धूप और उमस भरी गर्मी से राहत मिली है.रविवार की दोपहर बाद मौसम में आये अचानक बदलाव से राहत मिली है. तेज हवाओं के साथ गरज और बूंदाबांदी होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है.रविवार को बांका, मधेपुरा, लखीसराय, बिहारशरीफ, छपरा, जहानाबाद, हाजीपुर, बेगूसराय, मुंगेर व सुपौल के अलग-अलग स्थानों पर छिटपुट बारिश से मौसम खुशनुमा बना हुआ है.

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान पटना व आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना है.पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी समेत राज्य के अन्य हिस्सों में आंधी के साथ गरज, बिजली गिरने की चेतावनी है. 48 घंटे बाद अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना है.मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी बंगाल की खाड़ी के आसपास हवा के चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र बना हुआ है. बंगाल की खाड़ी के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने से मंगलवार से मौसम में बदलाव की संभावना है.

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

 मंगलवार को पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, रोहतास, औरंगाबाद, गया और नवादा जिलों में गरज के साथ भारी बारिश की चेतावनी है.पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिणी भाग रोहतास, गया, नवादा, भभुआ, बांका, जमुई के विभिन्न हिस्सों में बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक 36.6 मिमी बारिश रोहतास के तिलौथू में दर्ज की गई.पटना जिले के बख्तियारपुर में 2.2 मिमी बारिश दर्ज की गई. रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस और सबसे अधिक अधिकतम तापमान मोतिहारी में 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

Share This Article