पटना में गंगा के जलस्तर में भारी वृद्धि, आपदा प्रबंधन विभाग ने जारी किया अलर्ट

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
गंगा नदी के जलस्तर में हो रही भारी वृद्धि ने पटना जिले में बाढ़ का खतरा बढ़ा दिया है। इसे देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है और सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी तरह से सतर्क रहने का निर्देश दिया है। पटना के जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अलर्ट भेजा है, जिसमें जिले के सात प्रखंडों के अधिकारियों को विशेष रूप से अलर्ट पर रहने को कहा गया है। इन प्रखंडों में अथमलगोला और फतुहा शामिल हैं, जहां जलस्तर बढ़ने का सीधा प्रभाव पड़ सकता है।

आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों को बुला लिया गया है और उन्हें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए 25 नावों का इंतजाम किया गया है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

प्रशासन ने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ऊंचे स्थानों को भी चिन्हित कर लिया है, ताकि जरूरत पड़ने पर बाढ़ पीड़ितों को वहां ठहराया जा सके। इसके साथ ही, इन आश्रय स्थलों पर खाने-पीने और अन्य आवश्यक सामग्रियों का इंतजाम करने का भी निर्देश दिया गया है, ताकि विस्थापित लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

पटना में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और बताया जा रहा है कि हर 2 घंटे पर एक सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की जा रही है, जो चिंता का विषय है। अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कमर कस चुके हैं।

Share This Article