PM मोदी के रोड शो से पहले सियासी सफाई! अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर कांग्रेस ने साधा निशाना…

Ritu Raj

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 अपने निर्णायक दौर में है। पहले चरण की वोटिंग से महज चार दिन पहले दुलारचंद यादव हत्याकांड ने सूबे की सियासत में भूचाल ला दिया है। इस मामले में जेडीयू प्रत्याशी और बाहुबली नेता अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक तापमान और चढ़ गया है। अब कांग्रेस ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के मीडिया और पब्लिसिटी विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पटना रोडशो से पहले सरकार ‘लीपापोती’ में जुटी है।

पटना में रविवार (2 नवंबर 2025) को न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कांग्रेस के मीडिया और पब्लिसिटी विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने दुलारचंद यादव हत्याकांड और जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह की गिरफ्तारी को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। खेड़ा ने कहा, “आज गिरफ्तारी होना कोई बड़ी बात नहीं है। पहले भी कई बार गिरफ्तारियां हुईं, कई बार बेल भी हुई। उसको छोड़िए… लेकिन जो लोग बार-बार जंगलराज की बात करते थे, आज वही असली जंगलराज चला रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि बिहार चुनाव के बीच नेताओं पर गोलीबारी हो रही है और वे खुद ही ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। “इससे बड़ा जंगलराज का उदाहरण और क्या होगा? जनता सब देख रही है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पटना रोडशो का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि अनंत सिंह की गिरफ्तारी का समय खुद बहुत कुछ कहता है। उनके अनुसार, “ये गिरफ्तारी आज इसलिए की गई है क्योंकि पीएम मोदी का रोडशो है। ये सब सिर्फ लीपापोती है ताकि सरकार अपनी छवि बचा सके।” वहीं, इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। विपक्ष इसे चुनावी ‘डैमेज कंट्रोल’ बता रहा है, जबकि सत्ताधारी गठबंधन का कहना है कि कानून अपना काम कर रहा है और किसी निर्दोष को फंसाया नहीं जाएगा।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

बता दें कि बिहार में दो चरणों में मतदान होना है, जहां पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा 11 नवंबर को, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। इसी बीच प्रधानमंत्री, रविवार को पटना में लगभग 1.6 किलोमीटर लंबा रोड शो किए। शाम 5 बजे दिनकर गोलंबर से शुरू होकर यह यात्रा गांधी मैदान स्थित उद्योग भवन तक हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री पटना समेत आसपास की सीटों से एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में जनता से अपील कर रहे हैं।

Share This Article