PM मोदी का RJD-कांग्रेस पर तीखा हमला: बिहार को नहीं चाहिए ‘कट्टा सरकार’, फिरौती, दोनाली और रंगदारी का युग खत्म हुआ

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को औरंगाबाद के देव मोड़ के पास एक विशाल चुनावी सभा को संबोधित किया। अपने लगभग 38 मिनट के भाषण में, पीएम मोदी ने राजद (RJD) और कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला और बिहार को ‘कट्टा सरकार’ से मुक्त रखने की अपील की। उन्होंने राज्य को फिरौती, रंगदारी और जंगलराज के माहौल से दूर रखते हुए भ्रष्टाचार मुक्त विकास का वादा किया।

एनडीए की वापसी का संकेत

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत में प्रथम चरण के मतदान में हुई बंपर वोटिंग का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मतदान प्रतिशत बढ़ने के अब तक के सभी रिकॉर्ड टूट गए हैं, जिसका श्रेय उन्होंने महिलाओं, युवाओं, किसानों और मतदाताओं को दिया। उन्होंने इसे एनडीए की प्रचंड वापसी का स्पष्ट संकेत बताया।

प्रधानमंत्री ने जनता से सीधा संवाद करते हुए कहा कि यह चुनाव ‘नीतीश-मोदी की गारंटी’ का चुनाव है और बिहार के विकास को डबल इंजन सरकार की रफ्तार देने का है। उन्होंने दावा किया कि जनता ने पहले ही इसकी मंजूरी दे दी है।

‘कट्टा, दोनाली, फिरौती, रंगदारी…’ पर वार

पीएम मोदी ने राजद सरकार के कार्यकाल को ‘जंगलराज’ बताते हुए आरोप लगाया कि राजद के लोग युवाओं को नौकरी देने के बजाय उन्हें ‘रंगदार’ बनाने में लग गए हैं। उन्होंने कहा, “राजद के लोग युवाओं को कट्टा, दोनाली, फिरौती, रंगदारी की पढ़ाई पढ़ाने लगे हैं।” भीड़ से लग रहे ‘मोदी-मोदी’ के नारों से उत्साहित पीएम ने कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि बिहार के लोग अब उस अराजकता के युग में लौटना नहीं चाहते हैं। उन्होंने कानून व्यवस्था और विकास को प्राथमिकता देने वाली सरकार की आवश्यकता पर जोर दिया।

विकास और गारंटी पर जोर

प्रधानमंत्री ने जनता को बताया कि वे जो वादे करते हैं, उसे पूरी करते हैं और यही उनकी गारंटी है। उन्होंने केंद्र और राज्य की डबल इंजन वाली सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने सड़कों, पुलों, अस्पतालों, रेलवे, कॉलेजों और सिंचाई परियोजनाओं के हुए और हो रहे कार्यों को जनता के बीच रखा।

कृषि और सिंचाई: उन्होंने उत्तर कोयल नहर परियोजना को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया और अगली सरकार बनने पर किसानों को 9,000 रुपये सालाना देने की बात दोहराई।

महिला सशक्तीकरण: पीएम ने गरीब महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने महिलाओं के खातों में मिली सहायता राशि, आरक्षण और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए गए कार्यों का जिक्र किया।

क्षेत्रीय विकास: उन्होंने औरंगाबाद-बिहटा रेललाइन निर्माण से होने वाले विकास को भी रेखांकित किया।

धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को नमन

पीएम मोदी ने मगध क्षेत्र के धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों जैसे देव सूर्य मंदिर, मदनपुर की उमंगेश्वरी माता मंदिर और गयाजी की चर्चा की। उन्होंने जिले के महान स्वतंत्रता सेनानियों अनुग्रह नारायण सिंह और जगपति बाबू को नमन कर जनता से भावनात्मक जुड़ाव स्थापित किया।

‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’

प्रधानमंत्री ने आतंकवाद और माओवाद को खत्म करने, राम मंदिर निर्माण और धारा 370 हटाने जैसे अपने राष्ट्रीय वादे पूरे करने की बात बताई। उन्होंने पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र किया। उन्होंने एससी, एसटी, पिछड़ों, अतिपिछड़ों और गरीब सवर्णों सहित सभी वर्गों के विकास के लिए ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मंत्र को दोहराया।

Share This Article