बिहार में नवनिर्वाचित विधायकों के लिए आधुनिक और सुव्यवस्थित आवास परिसर तैयार कर दिया गया है। पटना में 44.41 एकड़ जमीन पर 246 नए आवास बनाए गए हैं, जिन्हें अब विधायकों को आवंटित किया जाएगा। बिहार सरकार ने इस परियोजना के माध्यम से सुरक्षा, आधुनिकता और पर्यावरण-संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में नए मानक की शुरुआत की है।
भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने बताया कि प्रत्येक विधायक आवास लगभग 3693 वर्गफीट में बनाया गया है। और इन्हें आधुनिक सुविधाओं के साथ डिजाइन किया गया है ताकि विधायकों की कार्य और निवास संबंधी सभी जरूरतें पूरी हो सकें। हर आवास पर संबंधित विधानसभा क्षेत्र का नाम और संख्या अंकित होगी, जिससे आवंटन पूरी तरह व्यवस्थित रहेगा। परिसर में एमएलए हॉस्टल, कैंटीन, कम्युनिटी सेंटर, पर्याप्त पार्किंग और खुले सामुदायिक क्षेत्र जैसी सुविधाएं शामिल हैं, जो विधायकों को अपने कामकाज और जनता से मिलने में मदद करेंगी। ये आवास जीरो डिस्चार्ज कॉन्सेप्ट पर तैयार किए गए हैं, जहां सीवेज जल का उपचार करके बागवानी में उपयोग किया जाएगा। साथ ही परिसर में वर्षा जल संचयन की व्यवस्था की गई है और ऊर्जा बचत के लिए एलईडी स्ट्रीट लाइट्स लगाई गई हैं। सड़कों और आम क्षेत्रों में चम्पा, गुलमोहर और महोगनी जैसे छायादार पौधे लगाए गए हैं, जिससे परिसर का वातावरण हरा-भरा और आकर्षक बना रहे।
दरअसल, इस आधुनिक आवास परिसर से नए विधायकों को क्षेत्रीय जनता के साथ संपर्क बनाए रखना आसान होगा और वे अपने कार्यालय कार्यों को भी बेहतर ढंग से संचालित कर सकेंगे। भवन निर्माण विभाग का मानना है कि इन आवासों से विधायकों की कार्यक्षमता में सुधार होगा और जनता से उनका जुड़ाव और मजबूत होगा, जिससे विधानसभा कार्यों में प्रभावशीलता बढ़ेगी।