आज होगी कांग्रेस की निर्णायक बैठक: फ्रंटल प्रमुखों संग संगठन को धार देने की तैयारी…

Ritu Raj

पटना के सदाकत आश्रम में आज बिहार कांग्रेस की चुनाव बाद पहली बड़ी बैठक होने जा रही है, जिसमें संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देने पर मंथन होगा। बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम की अध्यक्षता में होने वाली इस अहम बैठक में प्रदेश के सभी जिलाध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों, मोर्चा और विभिन्न इकाइयों के प्रमुखों को अनिवार्य रूप से मुख्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।

बैठक में चुनावी हार की व्यापक समीक्षा की जाएगी, जहां सभी जिलाध्यक्ष, फ्रंटल प्रमुख और अन्य पदाधिकारी अपनी-अपनी राय और अनुभव साझा करेंगे। इसके साथ ही 14 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की विरोध रैली—“वोट चोर, गद्दी छोड़ महारैली” की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा होगी। पार्टी नेतृत्व इस अभियान को बड़े पैमाने पर सफल बनाने के लिए रणनीति तय करेगा। हालांकि, इसके अलावा, कांग्रेस द्वारा आगे चलाए जाने वाले कार्यक्रमों और संगठनात्मक योजनाओं पर भी विचार-विमर्श होगा। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष ने सभी जिलाध्यक्षों, मोर्चा संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठ प्रमुखों को रैली की तैयारियों को गति देने तथा प्रदेश भर में चल रहे हस्ताक्षर अभियान को शीर्ष प्राथमिकता देने के स्पष्ट निर्देश दिए थे, ताकि अधिकतम जन-भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

महारैली के संदेश को गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक पहुंचाने के लिए पोस्टर, सोशल मीडिया अभियान, जन-संपर्क और सामूहिक बैठकों का अधिकतम उपयोग करने पर भी जोर दिया गया है। इसके साथ ही सभी जिलों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी तैयारियों की नियमित प्रगति-रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय को भेजते रहें, ताकि पूरी राज्य इकाई एक साझा रणनीति के तहत समन्वित तरीके से आगे बढ़ सके।

Share This Article