बिहार: नेपाल बॉर्डर से गायब हो रही हैं लड़कियां, 6 महीने में 100 से अधिक लापता, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने लिया मामला

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के नेपाल बॉर्डर से सटे क्षेत्रों में पिछले छह महीने में 100 से अधिक लड़कियां लापता हो चुकी हैं। यह गंभीर मामला अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग तक पहुंच गया है, जिसने उच्चस्तरीय जांच का आदेश दिया है। इन लड़कियों के गायब होने की घटनाओं से इलाके में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

अधिवक्ता एसके झा ने बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में दो अलग-अलग याचिकाएं दायर की हैं। उनका कहना है कि इन घटनाओं में अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरोहों का हाथ हो सकता है, जो लड़कियों को नेपाल, चीन, ब्राजील, सऊदी अरब, दुबई, और अन्य देशों में बेचने का काम कर रहे हैं। इन लड़कियों का उपयोग नशे के पदार्थों की तस्करी, देह व्यापार, और बॉडी पार्ट्स की अवैध खरीद-फरोख्त के लिए किया जा रहा है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

जुलाई से नवंबर तक हुई घटनाओं में रक्सौल, रामगढ़वा, आदापुर और अन्य इलाकों से लगातार लड़कियां गायब हो रही हैं। जुलाई में रक्सौल से 10 लड़कियां गायब हुईं, अगस्त में 18, सितंबर में 17, अक्टूबर और नवंबर में क्रमशः 15-15 लड़कियां गायब हुईं। अब तक महज 12 लड़कियों को रेस्क्यू किया गया है, जिनमें चार लड़कियां एक ही परिवार से हैं।

इस घटना ने पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। अधिवक्ता एसके झा ने आयोग से मामले की गहन जांच की अपील की है, ताकि इन घटनाओं के पीछे के तस्करी गिरोहों का पर्दाफाश हो सके और लापता लड़कियों को सुरक्षित ढूंढा जा सके।

Share This Article