श्रीलंका क्रिकेट का बड़ा दांव! भारत के पूर्व दिग्गज कोच विक्रम राठौर को सौंपी बल्लेबाजी की कमान…

Ritu Raj

टीम इंडिया के पूर्व बैटिंग कोच विक्रम राठौर ने अब श्रीलंका क्रिकेट के साथ नई जिम्मेदारी संभाल ली है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारी को देखते हुए राठौर को अपनी सलाहकार समिति में शामिल किया है। वह 18 जनवरी से 10 मार्च तक श्रीलंकाई टीम के साथ काम करेंगे।

दरअसल, इसके साथ ही भारत के पूर्व फील्डिंग कोच आर. श्रीधर भी श्रीलंका के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा हैं। श्रीधर को पिछले महीने ही टीम से जोड़ा गया था। दोनों ही कोचों की नियुक्ति खास तौर पर वर्ल्ड कप को ध्यान में रखकर की गई है और ICC टूर्नामेंट के खत्म होते ही उनका कार्यकाल भी समाप्त हो जाएगा।
गौरतलब है कि विक्रम राठौर सितंबर 2019 से जुलाई 2024 तक टीम इंडिया के बैटिंग कोच रहे हैं। उनके कार्यकाल के दौरान रवि शास्त्री और बाद में राहुल द्रविड़ भारतीय टीम के हेड कोच थे। फिलहाल राठौर आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के साथ लीड असिस्टेंट कोच की भूमिका निभा रहे हैं।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

टी-20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका में खेला जाएगा। 2014 की चैंपियन श्रीलंका इस टूर्नामेंट में ग्रुप-बी में है, जहां उसका मुकाबला आयरलैंड, जिम्बाब्वे, ऑस्ट्रेलिया और ओमान से होगा। टीम 8 फरवरी को कोलंबो में आयरलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। वहीं, खास बात यह है कि श्रीलंका में 14 साल बाद कोई ICC टूर्नामेंट आयोजित हो रहा है। इससे पहले 2012 में यहां आखिरी बार टी-20 वर्ल्ड कप खेला गया था, जिसमें वेस्टइंडीज ने फाइनल में मेजबान श्रीलंका को हराकर खिताब अपने नाम किया था।

Share This Article