बिहार विधानसभा के बजट सत्र का आज सातवां दिन चल रहा है। विधायक सदन में कार्यवाही के लिए पहुंच रहे हैं। इसी बीच, राजद के विधायक भाई वीरेंद्र ने विधानसभा परिसर में पहुंचकर राज्य सरकार और बिहार पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने दावा किया कि पुलिस द्वारा की जा रही एनकाउंटर कार्रवाइयों में एक खास जाति और धर्म के लोगों को विशेष रूप से निशाना बनाया जा रहा है। भाई वीरेंद्र ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होना चाहिए, लेकिन यह कार्रवाई किसी एक जाति या समुदाय के खिलाफ पक्षपातपूर्ण नहीं होनी चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “लगातार खबरें आ रही हैं कि गोप, यादव या खान जैसे नामों वाले लोगों का एनकाउंटर हो रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि केवल एक विशेष जाति और धर्म के लोगों पर ही फोकस किया जा रहा है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में कुछ अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है, और मोकामा, बाढ़ तथा नालंदा जैसे क्षेत्रों से अपराध की गतिविधियां संचालित हो रही हैं।
इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। भाई वीरेंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है, और उनके आसपास के लोग उन्हें सही सलाह नहीं दे रहे। तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री को दवा देकर स्वस्थ किया जाना चाहिए।” हालांकि, इस बयान के बाद विधानसभा परिसर और सियासी हलकों में हलचल मच गई है। विपक्षी दलों की ओर से कानून-व्यवस्था पर लगातार हमले तेज हो गए हैं, जबकि सत्ताधारी पक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यह घटना बजट सत्र के दौरान राजनीतिक तापमान को और बढ़ा सकती है।