पटना समेत पूरे बिहार में बदलेगा मौसम: दोपहर बाद गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, गर्मी से मिलेगी राहत…

Ritu Raj

बिहार में मौसम का मिजाज अचानक बदलने वाला है। मौसम विभाग ने आज राज्य के सभी 38 जिलों के लिए आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है। इनमें 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जहां 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है। बाकी 26 जिलों में येलो अलर्ट जारी है, जहां हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, 27 और 28 मार्च को प्री-मानसून गतिविधियां अपने चरम पर रह सकती हैं। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी भरी हवाएं और पश्चिमी विक्षोभ का असर मिलकर वातावरण को अस्थिर बना रहे हैं। इसके कारण राज्य में मौसम तेजी से बदल रहा है। दिन में बढ़ती गर्मी और रात में ठंडी हवाओं के कारण तापमान और नमी के बीच टकराव हो रहा है, जिससे बादल तेजी से बन रहे हैं। यही स्थिति आंधी, मेघगर्जन और बारिश को बढ़ावा दे रही है। साथ ही हवा की दिशा में बदलाव और दबाव क्षेत्र बनने से तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना भी बढ़ गई है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

राजधानी पटना में भी अगले दो दिनों तक मौसम बदला-बदला रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में तेज हवाएं चल सकती हैं। 27 मार्च को दोपहर बाद गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 28 मार्च को भी मौसम अस्थिर बना रहेगा। हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली की आशंका जताई गई है। इस दौरान तापमान में गिरावट हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।

Share This Article