मुजफ्फरपुर में हुई लूट की घटना के बाद पूर्व पार्षद विकास सहनी ने शनिवार को एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल समेत कई वर्तमान और पूर्व पार्षद भी मौजूद रहे।

बैठक के बाद अरविंद कुमार मुकुल ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर में अपराध तेजी से बढ़ रहा है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उनका कहना था कि जब थाना के ठीक सामने एक जनप्रतिनिधि लूट का शिकार हो सकता है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा होना स्वाभाविक है। मुकुल ने आरोप लगाया कि अपराधियों में पुलिस का डर खत्म हो चुका है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो कांग्रेस आंदोलन करने को बाध्य होगी। पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।

दरअसल, यह घटना शुक्रवार को सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में हुई, जहां दिनदहाड़े दो अज्ञात बदमाशों ने पूर्व वार्ड पार्षद विकास सहनी से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन लूट ली। बताया गया कि विकास सहनी उस समय थाना के पास से गुजर रहे थे, तभी अपाचे बाइक पर सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी और गले से चेन छीनकर फरार हो गए। यह वारदात थाना से महज कुछ मीटर की दूरी पर स्थित सब्जी मंडी गली में हुई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है। हालांकि, इस घटना के बाद शहर के जनप्रतिनिधियों और आम लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है।