नगर विकास एवं आवास विभाग में कार्यरत एग्जीक्यूटिव इंजीनियर राजीव कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने उनके विरुद्ध 1 करोड़ 10 लाख 24 हजार 271 रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है, जिसके बाद जांच तेज कर दी गई है।

शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे एसवीयू की 8 सदस्यीय टीम रामनगरी स्थित सुमित चंद्र गृहम अपार्टमेंट पहुंची। डीएसपी चंद्र भूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने वहां राजीव कुमार के आवास पर छानबीन शुरू की। जानकारी के अनुसार, राजीव कुमार अपने परिवार के साथ इसी अपार्टमेंट में रहते हैं, इसलिए टीम यहां दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच का दायरा सिर्फ एक जगह तक सीमित नहीं है। दानापुर के सगुना-खगौल रोड स्थित लैंडमार्क गोल्ड अपार्टमेंट में भी एसवीयू की टीम पहुंची है, जहां फ्लैट नंबर 807 राजीव कुमार के नाम पर दर्ज है।

हालांकि, फिलहाल इस फ्लैट में एक सेना अधिकारी किराए पर रह रहे हैं। छापेमारी के दौरान यह फ्लैट बंद मिला, जिसके बाद टीम वहां रहने वाले किरायेदार की पहचान और उससे जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी हुई है। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंकिंग लेनदेन और अन्य निवेश की भी पड़ताल की जा सकती है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कथित अवैध संपत्ति किस तरह अर्जित की गई। एसवीयू की टीम अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। फिलहाल यह कार्रवाई जारी है और आने वाले समय में इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।